सरधना (मेरठ)। नगर के नंगला रोड शियाबाग कॉलोनी में नरगिस हत्याकांड में आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। मृतक के परिजनों ने थाना पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
गांव निराना थाना सिखेड़ा मुजफ्फरनगर निवासी नरगिस पुत्री इरशाद की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मायके वालों ने दहेज के लिए ससुराल पक्ष पर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नरगिस की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था। इसके चलते उसका विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। मृतक नरगिस के पिता इरशाद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति गुलबहार सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हत्याकांड के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बृहस्पतिवार को नरगिस के परिजनों ने थाना पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसे लेकर परिजनों में रोष है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।