ईओ ने पालिका अध्यक्ष को भेजा पत्र, डीएम समेत अधिकारियों को भी भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका की बोर्ड बैठक के दौरान एक बाहरी व्यक्ति के सभागार में प्रवेश कर हंगामा करने और सभासदों की ओर कागजों का पुलिंदा फेंकने के मामले में अधिशासी अधिकारी ने पालिका अध्यक्ष को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। पालिका ने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन और उपजिलाधिकारी को पत्र भेजा कर भी भेजी गई है।
अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार 29 सितंबर को दोपहर 3:00 बजे पालिका के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में बोर्ड बैठक प्रस्तावित थी। बैठक की तैयारी के दौरान दीपक निराला और शफीक अंसारी पालिका परिसर में ईओ के कक्ष के बाहर उनसे बहस करने लगे। ईओ के अनुसार बैठक की कार्यवाही समय से शुरू कराने के कारण उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। पत्र में आरोप लगाया कि बैठक की कार्यवाही के दौरान दीपक निराला बिना अनुमति कागजों का पुलिंदा लेकर सभागार में पहुंचे और आरोप लगाते हुए बैठक की व्यवस्था बाधित करने लगे। पालिका कर्मचारियों ने उन्हें बाहर कर दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद वह दोबारा सभागार में पहुंचे और सभासद दीर्घा में बैठे सभासदों की ओर कागजों का पुलिंदा फेंकते हुए शोर-शराबा किया। कर्मचारियों ने प्रयास कर उन्हें सदन से बाहर किया। ईओ ने पत्र में कहा कि घटना से सदन की गरिमा और पालिका की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस और उच्चाधिकारियों के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है।
पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम ने कहा कि बोर्ड बैठक के दौरान हुई घटना की जानकारी उन्हें है। मामले में दोनों पक्षों की बात और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। बोर्ड बैठक की गरिमा और पालिका की व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।