मेरठ में सोमवार दिनदहाड़े नेशनल हाईवे पर दिल्ली के अरविंदो कॉलेज के लाइब्रेरियन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे लाइब्रेरियन के इकलौते बेटे द्वारा लव मैरिज करने का विवाद सामने आ रहा है। पीड़ित पक्ष ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से बड़ौत (बागपत) के गांव वाजिदपुर निवासी अनंत पाल सिंह (57) पुत्र रणवीर सिंह दिल्ली के अरविंदो कॉलेज में लाइब्रेरियन थे। वर्तमान में पल्लवपुरम मेरठ में परिवार सहित रह रहे थे। अनंतपाल रोजाना सुबह बाइक से कैंट रेलवे स्टेशन जाते थे। बाइक पार्किंग में खड़ी कर ट्रेन से दिल्ली जाना-आना करते थे।
सोमवार को रोजाना की तरह से वे बाइक से कैंट स्टेशन जा रहे थे। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित जिटौली कट के सामने पहुंचे बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने अनंतपाल के सीने पर पहले चाकू से वार किया और फिर गोली मार दी। अनंतपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे बाइक से ही फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवा दिया। अनंतपाल की हत्या की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। अनंतपाल के भाई अजय पाल सिंह ने वाजिदपुर गांव के ही दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
बेटे की लव मैरिज बनी हत्या का कारण
अजय पाल सिंह ने बताया कि अनंतपाल का इकलौता बेटा दिनेश और तीन बेटियां हैं। दिनेश नियंत्रक महालेखा परीक्षक (कैग) में एलडीसी क्लर्क है। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग गुवाहाटी (असम) में है। दिनेश का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिससे युवती के परिजन नाराज थे। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे लेकिन युवती के परिजन सहमत नहीं थे। बावजूद इसके दिनेश ने तीन साल पूर्व युवती से लव मैरिज कर ली थी। दिनेश के दो साल का एक बेटा भी है। तभी से युवती के परिजन अनंतपाल के परिवार से रंजिश रखते थे। आरोप है कि उन्होंने पहले ही अनंतपाल को भुगत लेने की धमकी दी थी। परिजनों ने युवती के परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा पीपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पढ़ें : महिला टीचर की कनपटी पर तमंचा लगाकर मारी गोली, पति पर हत्या का आरोप