दीपक हत्याकांड: पुलिस के सामने फेंकीं चूड़ियां, जाम लगाया
परीक्षितगढ़ (मेरठ)। खजूरी गांव में दीपक त्यागी की हत्या के छह दिन बाद भी घटना का खुलासा न होने और उसका कटा सिर न मिलने पर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गांव की महिलाओं ने पुलिस के सामने चूड़ियां फेंक दीं। उन्होंने अफसरों को खरी-खोटी सुनाई। गांव के लोगों ने खजूरी-मेरठ मार्ग पर जाम भी लगा दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर जांच और कार्रवाई में ढीला रवैया बरतने का आरोप लगाया। शाम साढ़े चार से साढ़े छह बजे तक दो घंटे जाम रहा। पुलिस अधिकारियों ने जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने इसके लिए मंगलवार तक का समय दिया।
हंगामे के दौरान परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस के आश्वासन पर ही बिना सिर के ही शव का अंतिम संस्कार किया गया था, लेकिन घटना की जांच और कार्रवाई में लापरवाही बरती जा रही है। एसपी देहात केशव कुमार और एडीएम प्रशासन सहित अन्य अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण शांत हुए।
वहीं, इस मामले में सियासी माहौल भी गरमाया रहा। दीपक के घर पहुंचे भाकियू वेस्ट यूपी के उपाध्यक्ष मांगेराम ने पुलिस प्रशासन पर ढुलमुल कार्रवाई का आरोप लगाया। खुलासा न होने पर सीओ सदर देहात पूनम सिरोही , सीओ सुचिता सिंह और मवाना एसडीएम को खरी खोटी सुनाई। ग्रामीणों ने दोनों सीओ के इस्तीफे की मांग की। पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी ने घटना का खुलासे के लिए फोन पर एसएसपी से बात की। समाजसेवी सचिन सिरोही ने कहा कि गांव का माहौल खराब करने की साजिश रची गई थी। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली ठीक नहीं है। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने राज्यमंत्री दिनेश खटीक के विरोध में नारे लगाकर नाराजगी जताई।
---
पिता बोले-पुलिस कातिलाें को पकड़े, हम पांच लाख देंगे
- जाम के दौरान दीपक के पिता धीरेंद्र त्यागी ने एसपी देहात के सामने रोते हुए कहा कि उन्हें कोई आर्थिक सहायता नहीं चाहिए। यदि पुलिस दीपक का सिर तलाश कर कातिलों को गिरफ्तार कर ले तो हम ही पांच लाख रुपये दे देंगे।
---
गांव के एक युवक पर शक
- दीपक हत्याकांड के बाद गांव से कुछ लोग फरार हैं। पुलिस को हापुड़ निवासी एक युवक पर हत्या का शक है। एसएसपी के निर्देश पर एक टीम युवक की गिरफ्तारी के लिए भेजी गई है। पुलिस अब तक इस मामले में 100 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। एसओजी ने भी कुछ युवकों से पूछताछ की है।
---