मोदीपुरम। मेरठ-देहरादून हाईवे पर मेट्रो-रैपिड ट्रैक के नीचे गड्ढे भर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि जल्द यहां सड़क निर्माण किया जाएगा। अमर उजाला में मंगलवार को ‘ऊपर चल रहा रैपिड-मेट्रो का ट्रायल, नीचे 500 मीटर में 200 गड्ढे’ हेडलाइन से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया था। इसके बाद जिम्मेदारों ने मार्ग पर मरम्मत का काम शुरू किया है।
पिछले करीब तीन साल से रुड़की रोड की देखरेख एनसीआरटी के द्वारा की जा रही है। सड़क बनाने का काम और गड्ढे भरने का काम एनसीआरटी के पास है। ऊपर रैपिड और मेट्रो का ट्रायल चल रहा है। जबकि नीचे 500 मीटर की सड़क में 200 गड्ढे थे। इसी मार्ग से मेरठ से शहर की ओर बड़ी संख्या में लोग आते हैं। तमाम पॉश सोसाइटियां इस मार्ग के करीब स्थित हैं। आलाधिकारी भी इसी मार्ग से होकर गुजरते थे। यहां कई बार वाहन सवार गिरकर घायल हो चुके थे। कभी भी यहां बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बावजूद इस मार्ग की सुध नहीं ली गई थी। मंगलवार को समाचार प्रकाशित होने के बाद बुधवार को ही इस मार्ग के गड्ढे भर दिए गए। इसके अलावा सनसिटी काॅलोनी के बाहर लगाए छोटे मार्ग अवरोधक भी हटा दिए गए हैं। गड़्ढे भरने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है।