मेरठ में कई दिनों की छुट्टी के बाद आज से सभी स्कूल खुल रहे हैं, हालांकि ठंड अभी भी कंपकंपा रही है। वहीं बिजनौर में आठवीं तक के छात्रों का अवकाश रहेगा।
अत्याधिक ठंड के चलते बिजनौर जनपद के सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों में कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों का शुक्रवार को अवकाश रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा दिए निर्देशों के क्रम में शीतलहर व घना कोहरा होने के दृष्टिगत जनपद के समस्त परिषदीय प्राथमिक, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएई, मदरसा बोर्ड उप्र बोर्ड के समस्त प्री-प्राइमरी से कक्षा-8 तक के विद्यालयों में छात्र- छात्राओं का 16 जनवरी 2026 का अवकाश घोषित किया।
मेरठ जिले के सभी बोर्ड के स्कूल 16 जनवरी शुक्रवार से खुलेंगे। जिला-प्रशासन ने स्कूलों का अवकाश और नहीं बढ़ाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी बोर्ड के स्कूल शुक्रवार से खुलेंगे। अत्यधिक ठंड के चलते स्कूलों के संचालन का समय सुबह 10 से लेकर दोपहर 3 बजे तक रहेगा। उन्होंने जिले के सभी प्रधानाचार्यों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने बताया कि जिले के प्राथमिक और जूनियर स्कूलों का समय भी सुबह 10 से लेकर दोपहर 3 बजे तक रहेगा।