संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर दबथुवा के पास मंगलवार को सवारियों से भरे दो ऑटो चालकों की लापरवाही ने बड़ा हादसा करा दिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों चालक हाईवे पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए और तेज रफ्तार में ऑटो दौड़ाते हुए टक्कर मारने लगे। इस दौरान एक ऑटो मेरठ से शामली जा रही रोडवेज बस से भी टकरा गया। गनीमत रही कि बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों चालक गाली-गलौज करते हुए हाईवे पर एक-दूसरे को ओवरटेक कर टक्कर मारते रहे। दबथुवा से आगे प्रतापगढ़ के निकट पहुंचने पर दोनों ऑटो आपस में जोरदार तरीके से भिड़ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार कई यात्री और एक छात्र घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए भेजा गया। घटना के दौरान रोडवेज बस में मौजूद यात्रियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों चालक सवारियों की जान जोखिम में डालते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में रोष है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
उधर, सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।