जंगली पशु को बचाते समय गाड़ी पेड़ से टकराई, क्लीनर की मौत
सरूरपुर (मेरठ)। सरधना-बिनौली मार्ग पर बुधवार रात मैनापूठी के पास हुए सड़क हादसे में दूध से भरी एक पिकअप गाड़ी जंगली पशु को बचाने के चक्कर में पेड़ों से जा टकराई। हादसे में गाड़ी में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से अस्पताल में उपचार के दौरान क्लीनर की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव बाखरपुर निवासी सहीराम ने पुलिस को बताया कि उसका भांजा अंकित शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा निवासी गांव कुरथल थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर पिकअप गाड़ी पर बतौर क्लीनर था। बुधवार रात वह चालक प्रमोद पुत्र राजवीर के साथ पिकअप में दूध लेकर हर्रा जा रहा था। मैनापूठी के निकट गाड़ी के सामने एक आवारा पशु आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में गाड़ी सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक प्रमोद व उसका साथी आदेश व क्लीनर अंकित शर्मा को गंभीर चोटें आई थी। तीनों को मेरठ के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां बृहस्पतिवार शाम उपचार के दौरान अंकित की मौत हो गई।