संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। वाहन खरीद का सौदा रद्द होने के बाद भी बैंक का लोन खाता बंद नहीं होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने डीलर और फाइनेंसर पर बैंक से मिली लोन की रकम वापस नहीं करने और उसके द्वारा दी गई नकदी भी कथित तौर पर हड़पने का आरोप लगाया है।
कसबा निवासी शाकिर ने सरधना थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसने मेरठ निवासी ऑटोमोबाइल डीलर से वाहन खरीदने का सौदा किया था। वाहन खरीदने के लिए फाइनेंसर के माध्यम से एक निजी बैंक से लोन स्वीकृत कराया गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, लोन स्वीकृत होने के बाद बैंक ने पूरी लोन राशि डीलर के खाते में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद किसी कारणवश वाहन खरीदने का सौदा रद्द हो गया और वाहन डीलर के पास ही रह गया। आरोप है कि सौदा रद्द होने के बावजूद डीलर और फाइनेंसर ने बैंक से प्राप्त लोन की रकम वापस नहीं की।
शाकिर का आरोप है कि उसने डीलर को कुछ रकम नकद भी दी थी। सौदा रद्द होने के बाद उसने लोन की रकम बैंक में जमा कराने और नकद दी गई राशि वापस करने की मांग की, लेकिन कथित तौर पर उसे लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा। शिकायतकर्ता के अनुसार, लोन की रकम बैंक को वापस नहीं होने के कारण उसके नाम पर लोन खाता अभी तक बंद नहीं हुआ है और ओवरड्यू चल रहा है। मामले का समाधान नहीं होने पर शाकिर ने थाना सरधना में तहरीर दी।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
-