मेरठ। मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर पर जागृति विहार मंशा देवी रोड पर बाइक सवार दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
सोमदत्त विहार के रहने वाले शिशिर कुमार शनिवार को मंशा देवी रोड पर सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान जागृति विहार के रहने वाले गौरव वर्मा ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ उनकी स्कूटी के आगे बाइक खड़ी कर दी। आरोपियों ने प्रोफेसर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उनके पिता ने मुकदमे में पैरोकारी की तो दोनों को जान से मार देंगे। पुलिस ने घायल प्रोफेसर को इलाज के लिए भेजा है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पुराने विवाद की जानकारी की जा रही है। इस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।