प्लॉट में अज्ञात युवक का शव मिला
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मदीना फेज टू करौली निवासी महिलाएं बृहस्पतिवार सुबह दूध लेने के लिए निकलीं। उन्हें एक प्लॉट में शव दिर्खाई दिया। इस पर उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके कुछ समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
समर गार्डन चौकी अंतर्गत मदीना कॉलोनी फेज टू स्थित प्लॉट में करीब 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा था। उसके गले में शर्ट लिपटी हुई थी तथा कुछ निशान थे। वहीं, पैरों पर कीचड़ लगी थी। हालांकि प्लॉट के आसपास कहीं कीचड़ नहीं थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीती रात कुछ युवक इसी प्लॉट में शराब पी रहे थे। युवक उन्हीं में से हो सकता है। वहीं, इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट प्रशांत कपिल ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो सकी। उसकी हत्या कहीं ओर करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। वहीं, सीओ कोतवाली अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया कि उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद ही वारदात का खुलासा हो सकेगा।