संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना/बहसूमा/दौराला। मवाना कस्बा समेत आसपास के शुक्रवार को ग्रामीण अंचल में मौसम का मिजाज अचानक पूरी तरह बदल गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बारिश के साथ ओले पड़ने से मौसम ठंडा हो गया। वहीं ओलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे अचानक आसमान में बेहद काले और घने बादल उमड़ आए, जिससे देखते ही देखते दिन के उजाले की जगह अंधेरा छा गया। यकायक हुए इस बदलाव से मुख्य मार्गों व हाईवे पर चल रहे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दृश्यता बेहद कम होने के कारण लोग हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर हो गए। कुछ देर बाद ही तेज गड़गड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया, जो लगभग आधे घंटे तक जारी रहा। बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। बेमौसम ओलावृष्टि से एक ओर तापमान में अचानक भारी गिरावट आने से ठंड बढ़ गई। वहीं खेतों में खड़ी धान और हरी सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगीं। दोपहर के बाद एक बार फिर बादलों की गर्जना के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो रुक-रुक कर शाम तक 3:00 बजे तक जारी रहा।
दौराला, लावड़ और सकौती क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई, जबकि लावड़ और सकौती में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, अचानक बदले मौसम और ओले गिरने से क्षेत्र में हलचल रही। शुक्रवार को दिनभर मौसम में बदलाव के संकेत मिलते रहे। लावड़ और सकौती में ओले गिरे।
दौराला - सकौती क्षेत्र में होती ओलावृष्टि। स्रोत : ग्रामीण