आईआईएमटी एकेडमी में चल रही सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 तैराकी प्रतियोगिता का समापन
अल्मा मेटर डे बोर्डिंग स्कूल बरेली और खेतान पब्लिक स्कूल गाजियाबाद संयुक्त रूप से रनरअप
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी में चल रही सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 बालक तैराकी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल गाजियाबाद 127 अंक के साथ प्रथम स्थान पर रहा। अल्मा मेटर डे बोर्डिंग स्कूल बरेली और खेतान पब्लिक स्कूल गाजियाबाद 102-102 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से रनरअप रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड व नोएडा रीजन के लगभग 200 विद्यालयों से 1000 बालक तैराकों ने विभिन्न स्पर्धाओं हिस्सा लिया। राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। विवि के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सबसे प्रभावी साधन हैं। प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। इस मौके पर प्रबंध संचालिका पियांशु अग्रवाल, प्रधानाचार्या अलका शर्मा भी मौजूद रहे।
यह रहे परिणाम
ग्रुप 1- अंडर 19 में वेदांत चंद्रा 35 अंक के साथ प्रथम, शोनक मलिक 25 अंक के साथ द्वितीय, आदित्य सक्सेना 24 अंक के साथ तृतीय। ग्रुप 2 अंडर 17 में शिवांश मिश्रा 35 अंक के साथ प्रथम, अयान विश्नोई 35 अंक के साथ प्रथम, रितेश सिंह 25 अंक के साथ द्वितीय रहे। ग्रुप 3 अंडर 14 में देवांश रॉय 26 अंक के साथ प्रथम, ऑरम बिष्ट 24 अंक के साथ द्वितीय रहे। ग्रुप 4 अंडर 11 में रुद्र जोशी 21 अंक के साथ प्रथम, शौर्यन मलिक 19 अंक के साथ द्वितीय और आयु त्यागी 17 अंक के साथ तृतीय स्थान पर रहे।