बड़गांव। गांव सिरसली कलां में आवारा कुत्तों एक झुंड ने बुधवार सुबह ओमपाल पुत्र दातराम के भेड़ों के बाड़े पर धावा बोल 12 भेड़ों को मौत के घाट उतार दिया। छह भेड़ों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित भेड़ पालक ओमपाल ने बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे दर्जनभर से अधिक खूंखार कुत्तों के झुंड ने बाड़े में कूदकर भेड़ों पर हमला कर दिया। बाड़े में करीब 90 भेड़ थी। उनके शोर की आवाज सुनकर जैसे ही वह बाड़े में पहुंचे तो कुत्तों ने उस पर भी हमला कर दिया। किसी तरह वह जान बचाकर भागा। उसने ग्रामीणों की मदद से बड़ी मुकिश्ल से कुत्तों को भगाया। पीड़ित ने बताया कि उसे करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। भेड़ पालक सहित सिरसली कलां के ग्रामीणों ने गांव में अवारा घूम रहे कुत्तों को पकड़वाने तथा आर्थिक मदद के लिए एसडीएम रामपुर मनिहारन को प्रार्थना पत्र दिया है।
एसडीएम डॉ. पूर्वा ने बताया कि मृत भेड़ों की जांच के लिए पशु चिकित्सक की टीम को भेजा गया है। पीड़ित भेड़ पालक को हर संभव आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।