मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। स्तोत्र संस्था
मेरठ। मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों को आकर्षित किया। राजकीय इंटर कॉलेज, निकट बेगमपुल में आयोजित इस मेले में बृज महोत्सव, फूलों की होली और वृंदावन के प्रसिद्ध नृत्य का भव्य प्रदर्शन हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री सुनील भराला, जिला अध्यक्ष एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष हरवीर पाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने खादी व ग्रामोद्योग उत्पादों की खूब प्रशंसा की और स्वयं स्टॉल से खादी वस्त्र, लकड़ी के फर्नीचर आदि खरीदे। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पाद खरीदें।
प्रदर्शनी में खादी के वस्त्र, कश्मीरी शॉल, सूट, मिट्टी के बर्तन, सिल्क साड़ियां, रेडीमेड गारमेंट्स, कोट, ब्लेजर, सदरी, देशी घी, नमकीन, धूपबत्तियां, गोबर से बने उत्पाद, अचार, मुरब्बा, सिरका, आंवला उत्पाद, चटाई, पायदान आदि की खूब बिक्री हो रही है। मेले का समापन शनिवार तीन जनवरी को मेयर हरिकांत अहलूवालिया द्वारा किया जाएगा। आयोजकों ने सभी निवासियों से अनुरोध किया कि वह परिवार सहित अंतिम दिन प्रदर्शनी में पहुंचें। गुणवत्ता वाले स्वदेशी सामान खरीदें और ग्रामोद्योग को बढ़ावा दें।