पुलिस पर हमला करने के आरोपियों की तलाश में दबिश, अंतरिम जमानत को लेकर आज है सुनवाई
दौराला। रुहासा गांव में 18 जनवरी को पुलिस पर हमला कर गोकशी के आरोपी को छुड़ाने के मामले में मंगलवार को पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी, परंतु आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। वहीं, मामले में आरोपियों की ओर से दाखिल की गई अंतरिम जमानत की अर्जी पर बुधवार को अदालत को कोर्ट में सुनवाई होगी।
गोकशी के आरोपी मुबस्सिर व मुक्खा की तलाश में सकौती चौकी इंचार्ज सुखबीर सिंह ने बीती 18 जनवरी को रुहासा गांव में दबिश दी थी। पुलिस ने मौके से मुबस्सिर को पकड़ लिया, जिस पर मुबस्सिर ने शोर मचा दिया। उसके परिजनों ने पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ा लिया था। इस मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों को नामजद किया था, जबकि छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस द्वारा रिश्तेदारों पर दबाव बनाए जाने पर मुख्य आरोपी मुबस्सिर ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। जबकि साईदा व फैजिया को पुलिस ने रुहासा गांव से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरदीन, सुहेल व उजैफ समेत तीन महिलाओं की तलाश में पुलिस ने मंगलवार को ताबड़तोड़ दबिश दी, परंतु आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। वहीं, जमानत की अर्जी डालने वाले आरोपियों की अंतरिम जमानत को लेकर बुधवार को कोर्ट में सुनवाई होगी। पुलिस लगातार आरोपियों पर नजर बनाए हुए है।