सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर नानू गांव में बाइक व साइकिल के बीच टक्कर हो गई। सड़क हादसे में गंभीर चोट लगने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सरधना सीएचसी लाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव नानू निवासी पवन (40) पुत्र गोपीचंद साइकिल लेकर पैदल गांव में कहीं जा रहा था। वह फ्लाईओवर के पास पहुंचा ताे पीछे से तेजगति में आ रहे एक बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पवन सड़क पर काफी दूर जाकर गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांचली बुजुर्ग निवासी बाइक सवार नवीन पुत्र जगराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत सरधना सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। दूसरी ओर, पुलिस ने मृतक पवन के परिजनों के आने पर उसके शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।