कंकरखेड़ा में मार्शल पिच के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन पर जल्द ही साइबर थाना बनेगा। यह थाना पूरी तरह हाईटेक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। थाने में पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय, अनावसीय, प्रशासनिक सहित अन्य श्रेणियों के भवन बनाए जाएंगे। एसपी सिटी पीयूष सिंह के अनुसार उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी। इसके बाद लगभग एक महीने के अंदर थाने का काम शुरू हो जाएगा।
मेरठ सहित आसपास के जिलों में तेजी से साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। रोजाना साइबर सेल में पांच से छह शिकायतें पहुंचती हैं। इनके अलावा सिविल थानों में भी कई शिकायतें आती हैं। इनमें सबसे अधिक ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो डालकर ब्लैकमेलिंग करने सहित अन्य तरह के अपराध होेते हैं। ऐसे अपराधियों तक पहुंचना पुलिस के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसीलिए साइबर थाने की कवायद शुरू की गई है। इस थाने के लिए काफी समय से जमीन की तलाश की जा रही थी। अब मार्शल पिच के पास खाली पड़ी जमीन को चिन्हित किया गया।
मंगलवार को सीओ सरधना आरपी शाही, कंकरखेड़ा क्राइम इंस्पेक्टर श्यौपाल सिंह और तहसील पटवारी प्रवेंद्र अपनी टीम के साथ पहुंचे। इस टीम ने जमीन की पैमाइश शुरू की। टीम ने थाना बनाने के लिए 3500 वर्ग मीटर की जगह चिह्नित की है। यहां पैमाइश के बारे में एसडीएम को भी रिपोर्ट दी गई है।
एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि हर रेंज में एक-एक साइबर सेल का थाना बनाया जाएगा। मेरठ के कंकरखेड़ा में साइबर सेल का थाना बनाने की तैयारी चल रही है। साइबर सेल का थाना हाईटेक सुविधाओं से सुसज्जित रहेगा। इससे साइबर अपराधियों को आसानी से चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
विशेष प्रशिक्षण भी मिलेगा
- साइबर थाने में साइबर अपराध से जुड़े विशेषज्ञों की तैनाती होगी। थाने में तैनात कर्मचारियों को साइबर ठगों को पहचानने और उन तक पहुंचने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। थाने में हाईटेक सुविधाओं से लैस कंप्यूटर लगाए जाएंगे।