मेरठ। विशाखापट्टनम में तैनात मेरठ के सीआरपीएफ जवान की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया। गार्ड ऑफ आनर के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
के-ब्लॉक शास्त्रीनगर रामापुरम के रहने वाले सोनू त्यागी का वर्ष 2003 में सीआरपीएफ में चयन हुआ था। उनकी तैनाती जम्मू, नागालैंड, दिल्ली, छत्तीसगढ़ में भी रही। वर्तमान में वह विशाखापट्टनम में तैनात थे। पांच नवंबर की सुबह परिवार को सूचना मिली कि सोनू त्यागी को ब्रेन हेमरेज के चलते मौत हो गई। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। आसपड़ोस के अलावा रिश्तेदारों की भीड़ लग गई। मां सरोज त्यागी, पत्नी मधु त्यागी, बेटा यश त्यागी और बेटी मान्यता का रो-रोकर बुरा हाल था। बृहस्पतिवार सुबह सोनू त्यागी का शव उनके निवास स्थान पर पहुंचा तो अंतिम यात्रा में सैलाब उमड़ पड़ा। सूरजकुंड श्मशान घाट पर गार्ड ऑफ आनर के तहत सीआरपीएफ के जवानों ने अंतिम सलामी दी गई। उनके रिश्तेदार विक्रांत त्यागी ने बताया कि सोनू त्यागी घर बनवा रहे थे। आखिरी बार अगस्त में वह छुट्टी पर मेरठ आए थे। बच्चों से कॉल पर बात कर दिवाली बाद आने की बात हुई थी। उससे पहले यह बुरी खबर आ गई।