करोड़ों रुपयों की ठगी में गिरफ्तार बिल्डर शक्ति सिंह को पल्लवपुरम पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर पल्लवपुरम दिलीप शर्मा के अनुसार गांव मटौर दौराला निवासी बिल्डर शक्ति सिंह पुत्र जसवंत सिंह वर्तमान में क्वींसलैंड पार्क कालोनी में रह रहा था। शक्ति ने बाईपास और मोदीपुरम में कई कॉलोनियों में फ्लैट बनाकर बेचे थे। आरोप है कि शक्ति ने धोखाधड़ी से एक ही फ्लैट को पैसे लेकर कई-कई लोगों को बेचा। उसके खिलाफ कंकरखेड़ा, इंचौली और गंगानगर थाने में भी चेक बाउंस से लेकर धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं। जबकि पल्लवपुरम थाने में ठगी और धोखाधड़ी के चार मुकदमे दर्ज थे, जिनमें दो केसों में उसके वारंट जारी हो चुके थे।
काम नर्हीं आइं सिफारिशें
इंस्पेक्टर के अनुसार शक्ति सिंह को मोदीपुरम बाईपास से दोपहर 12:10 बजे दबोचा गया और 12:25 बजे उसका चालान कर दिया गया। जब तक उसे छोड़ने के लिए सिफारिशों की कॉल आनी शुरू हुईं, तब तक उसे कोर्ट में पेश किया जा चुका था।
बुकिंग कराकर हड़पा पैसा
इंस्पेक्टर के अनुसार बिल्डर शक्ति सिंह ने मोदीपुरम क्षेत्र में कई कॉलोनियां बनाई थीं। नौकरी से रिटायर्ड लोगों ने अपनी पाई-पाई जमा रकम मकान की बुकिंग में लगा दी और बिल्डर ने पैसे लेकर मकान अन्य लोगों को बेच दिया। बिल्डर ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है। पल्लवपुरम थाने पर दो ऐसे मामले हैं जिनमें उसने पैसे ले लिए और दूसरे लोगों को मकान बेच दिया।