कंकरखेड़ा की सरधना रोड पर बृहस्पतिवार रात पुलिस की गैंगस्टर के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश पर में गोली लगने से घायल हो गया। वही बदमाश का साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को मेडिकल के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में जंगल में कॉम्बिंग की।
सीओ दौराला अभिषेक पटेल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम पुलिस सरधना रोड पर गश्त कर रही थी। इसी बीच पुलिस ने एक बाइक सवार दो युवकों को रोकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक मौके से भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। इसी बीच खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर कई राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में 25 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वही उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान विपिन उर्फ मल्लू निवासी भावनपुर के रूप में हुई है। पुलिस को बदमाश के पास से तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इनामी बदमाश पर दिल्ली, नोएडा, कंकरखेड़ा व भावनपुर में लगभग 15 मुकदमे दर्ज है। वही बदमाश पर कंकरखेड़ा में गैंगस्टर एक्ट में भी मुकदमा दर्ज है। पिछले दो साल से पुलिस बदमाश की तलाश में लगी हुई थी। बदमाश पर हत्या, जानलेवा हमला, डकैती व लूट सहित गंभीर मुकदमे दर्ज है।
पुलिस ने इनामी बदमाश के फरार साथी की तलाश में जंगल में काफी देर कॉम्बिंग की। लेकिन बदमाश का सुराग नहीं लग सका। सीओ दौराला का कहना है कि फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। वहीं इनामी बदमाश की तलाश पुलिस को काफी समय से थी।