भावना हत्याकांड के मुख्य आरोपी 15 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी योगेश भदौड़ा का शूटर है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य पूनम चौधरी की पुत्रवधू भावना की 26 दिसंबर को गोली बरसाकर हत्या कर दी गई थी।
जिसमें भावना का पति प्रशांत भी गोली लगने से घायल हो गया था। इस हत्याकांड का पल्लवपुरम पुलिस ने पंद्रह दिन पहले खुलासा कर दिया था। भावना का मर्डर प्रशांत ने ही सुपारी देकर योगेश भदौड़ा के शूटरों से कराया था। पुलिस ने प्रशांत, जमालपुर गांव के गोपाल, सुमित और शूटर प्रवीन निवासी तितावी को जेल भेज दिया था। जबकि प्रशांत के जीजा सोहन सिंह निवासी करनावल को चार दिन पहले जेल भेजा था। इस हत्याकांड में मसूरी निवासी 15 हजार के इनामी शूटर गौरव उर्फ भूरा पुत्र अजब सिंह फरार चल रहा था। रविवार को मुखबिर की सूचना पर एसओ पल्लवपुरम तेज सिंह यादव और एसटीएफ ने घेराबंदी कर सोफीपुर पुलिया पर गौरव को पकड़ लिया। उसके पास से 32 बोर की पिस्टल और कारतूस मिले हैं।
छह लाख रुपये में हुआ था सौदा
आरोपी गौरव ने बताया कि भावना की हत्या का सौदा छह लाख रुपये में हुआ था। प्रशांत ने ही भावना की मर्डर की प्लानिंग की थी, और पैसे दिए थे। जिसमें से उसके हिस्से में दो लाख रुपये आए थे। गौरव ने बताया कि भावना का मर्डर करने के बाद वह पहली रात तो अपने ही क्षेत्र में रुका था। इसके बाद वह दिल्ली चला गया। कुछ दिन दिल्ली और गाजियाबाद रहा। मोबाइल फोन बंद कर दिया था।
सपा नेता के भतीजे की हत्या में था वांछित
एसओ पल्लवपुरम तेज सिंह यादव ने बताया कि तोहफापुर गांव में सितंबर में सपा नेता मेघराज यादव के भतीजे गुड्डन की गोली बरसाकर हत्या कर दी थी। हत्या चुनावी रंजिश को लेकर की गई थी। गौरव इस हत्याकांड में भी वांछित चल रहा था। इसके अलावा नौचंदी थाना क्षेत्र में ऊधम सिंह के वकील सुनील चिंदौड़ी पर भी गौरव ने गोली चलाई थी। जिसकी रिपोर्ट नौचंदी थाने में दर्ज है।