शारदा रोड स्थित एक विद्यालय से दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देकर निकल रहीं दो छात्राओं को मनचलों ने अगवा करने की कोशिश कर दी। छात्राआें की चीख पुकार सुनकर लोगों ने घेराबंदी कर दो मनचलों को पकड़कर गंजा कर मुर्गा बनाकर पीटा। पुलिस ने आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश की तो भीड़ उनसे ही भिड़ गई और हाथापाई हो गई। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी ये दोनों छात्राएं जब बुधवार दोपहर स्कूल से निकलीं तो स्कूल गेट के सामने ही दो बाइक पर मौजूद चार मनचलों ने इनसे छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बाइक पर खींचकर ले जाने की कोशिश कर डाली।
छात्राओं के शोर मचाने पर वहां लोगों की भीड़ लग गई। मनचलों का दुस्साहस देखकर लोगों का गुस्सा फूट गया। घेराबंदी के दौरान दो आरोपी तो एक बाइक से फरार हो गए, लेकिन दो मनचलों को भीड़ ने दबोच लिया। लोगों ने आरोपियों को गंजा कर दिया और सड़क पर ही मुर्गा बना दिया। इस दौरान उनकी धुनाई की गई।
उधर, सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोगों ने पुलिस की एक नहीं सुनी। पुलिस और लोगोें में धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
एसओ ने बताया कि छात्रा की लिखित शिकायत पर दोनों आरोपियों राहत निवासी खुशहाल नगर कॉलोनी और सादान निवासी नूरनगर लिसाड़ी गेट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मौके से भागे दोनों मनचलों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
शारदा रोड से थाने तक हंगामा
आक्रोशित लोगों ने शारदा रोड से लेकर ब्रह्मपुरी थाने तक जबरदस्त हंगामा किया। लोगों ने कहा कि पुलिस ने छात्राओं की सुरक्षा पर लापरवाही बरती तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले की शिकायत वह आला अफसरों से करेंगे। एसओ ब्रह्मपुरी सतेंद्र यादव ने बताया कि छुट्टी के दौरान स्कूलों के बाहर पुलिस का पहरा लगाया जाएगा। दोनों आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक घंटे से खड़े थे स्कूल के सामने
पूछताछ में आरोपी राहत ने बताया कि छात्राएं परीक्षा देकर लौटेंगी, इसी इंतजार में वह अपने साथियों के साथ स्कूल के बाहर एक घंटे से खड़ा था। मनचले स्कूल के पास ही दुकान पर चाय पीते तो खाते-पीते रहे। लोगों ने दो बार इन युवकों से वहां पर खडे़ होने का कारण भी पूछा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
कहां गायब हो जाती है पुलिस
पुलिस अधिकारी दावा करते है कि स्कूलों के लगने और छुट्टी के दौरान पुलिस पिकेट तैनात रहती है, लेकिन बुधवार को इसकी भी पोल खुल गई। लोगों ने बताया कि शारदा रोड पर दूसरे समुदाय के युवक रोजाना छेड़छाड़ करते है।
जिसको लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। बुधवार को छात्राओं के साथ हुई वारदात पर लोगों का गुस्सा फूूूटा, इसलिए मनचलों को गंजा करके पीटा गया। करीब आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची। जिसको लेकर स्थानीय लोेगों में पुलिस के प्रति गुस्सा है।