हमलावरों द्वारा मारा गया सौरभ (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के नकुड़ में अपने घर लौट रहे बाइक सवार युवक की रविवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पांच हमलावरों ने गोली मारने के बाद उसका गला घोंटा और लात-घूंसों जमकर पीटा। वे उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर चले गए। इस दौरान राहगीर काफी देर तक तमाशबीन बने रहे। अन्यथा युवक की जान बच सकती थी। काफी देर बाद मिली सूचना पर परिजन पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। यह युवक एक शिक्षक का इकलौता पुत्र था। एसडीएम और सीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
रविवार दोपहर करीब बारह बजे गांव साल्हापुर निवासी अध्यापक अनिल आर्य का 27 वर्षीय सौरभ नकुड़ से बाइक पर अपने गांव जा रहा था। जैसे ही वह नकुड़-सरसावा रोड पर स्थित एक रिसोर्ट के पास पहुंचा तो एक बाइक और कार में सवार पांच लोगों ने उसकी बाइक में साइड मारकर नीचे गिरा दिया। सौरभ जब तक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही हमलावरों ने उसे गोली मार दी। इसके बाद एक गमछे से उसका गला घोंट दिया और नीचे गिराकर लात घूंसों से जमकर पीटा। घायल युवक नीचे पड़ा हुआ हमलावरों में से दो को उनके नामों से पुकार रहा था। वह भाई मुझे छोड़ दो, कह कर जान बचाने की गुहार लगाता रहा। लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा और वह उस पर ताबड़तोड़ प्रहार करते रहे।
चंद कदमों की दूरी पर ही एक भट्टे पर काम कर रहे बीस से अधिक मजदूर और सड़क से गुजर रहे अन्य राहगीर तमाशबीन बने रहे तथा सड़क से गुजरने वाले लोग भी अपने वाहन रोककर दूर ही खड़े हो गये। सौरभ चिल्ला-चिल्लाकर तमाशबीनों से पुलिस को सूचना देने और मदद के लिए कहता रहा। लेकिन हमलावरों के खौफ के चलते किसी ने पुलिस को फोन करने तक की जहमत तक नहीं उठायी। हमलावर सौरभ को मृत समझ कर बड़े आराम से अपने वाहनों पर सवार होकर निकल गए।
बदमाशों के जाने के बाद ही कुछ लोगों ने पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले ही जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ की गर्दन में गोली के तीन निशान दिखाई दे रहे थे तथा उसका काफी खून बह चुका था। सूचना पर एसडीएम शमशाद हुसैन और सीओ मुकेश चंद्र मिश्र ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि देर शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी। लेकिन पुलिस का मानना है कि कोई गहरी रंजिश थी। इसलिए हत्या के इरादे से वारदात को अंजाम दे गए हैं।