लिसाड़ी क्षेत्र में सपाई की हत्या के बाद परिजन
- फोटो : अमर उजाला
लिसाड़ी गेट थाना अंतर्गत तारापुरी में सोमवार दोपहर सपा नेता की सपा नेता ने ही कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी। विवाद 84 हजार रुपये के लेनदेन का बताया गया। हत्या के बाद शव को अपने घर में बंद कर हत्यारोपी फरार हो गया। करीब तीन घंटे बाद पब्लिक के हंगामा काटने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो घर से सपा नेता की लाश बरामद हुई। जिसके बाद पब्लिक पुलिस से भिड़ गई। देर रात पुलिस ने हत्यारोपी सपाई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार तारापुरी जाटों वाली गली निवासी नसीम अहमद (50) नल ठेकेदार के साथ ही सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में सचिव था। परिजनों के अनुसार पड़ोसी रजाउद्दीन पर नसीम के कमेटी के करीब 84 हजार रुपये बकाया थे। रजाउद्दीन भी सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में दक्षिणी विस उपाध्यक्ष था। लेनदेन को लेकर कई बार विवाद होने पर रजाउद्दीन ने सोमवार को रुपये देने का वादा किया था। दोपहर करीब तीन बजे नसीम उसके घर रुपये लेने गया था। शाम पांच बजे तक भी वह नही लौटा तो उसके भाई दो बार रजाउद्दीन के यहां नसीम के बारे में पूछने गए। उसने यह कहकर धमकाकर भगा दिया कि वो तो यहां से चला गया था।
भाईयों को हो गया था शक
शक होने पर नसीम के परिजनों ने रजाउद्दीन के घर के पास जाकर नसीम का मोबाइल नंबर मिलाया तो घर के अंदर से रिंग बजने लगी। इसी दौरान करीब छह बजे तारापुरी में गोली चलने की सूचना पर पिलोखड़ी पुलिस वहां पहुंची। परिजनों ने पुलिस को मामला बताया। तभी रजाउद्दीन अपने मकान का ताला बंद कर भाग गया।
पुलिस से कर दी हाथापाई
वहां जमा भीड़ ने रजाउद्दीन के मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने रोक दिया। इससे भीड़ भड़क गई। जिसके बाद पुलिस करीब पौने सात बजे खुद मकान का ताला तोड़कर अंदर गई तो नसीम की लाश पड़ी मिली। उसकी कनपटी पर गोली मारकर हत्या की गई थी। यह देख भीड़ भड़क गई। वह पुलिस से भिड़ गई। महिलाओं ने पुलिस पर गेट खोलने में देरी का आरोप लगाते हुए हाथापाई कर दी।
नहीं उठने दिया शव
दूसरे मोहल्ले से भी भीड़ वहां पहुंच गई और भीड़ ने शव नहीं उठने दिया। वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना पर एसपी सिटी और एसपी क्राइम कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने हत्यारोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए रात करीब पौने आठ बजे शव कब्जे में लिया।
थोड़ी देर बाद ही हुई गिरफ्तारी
एसओ लिसाड़ी गेट रवेंद्र सिंह ने बताया कि नसीम के भाई सलीम ने रजाउद्दीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रियाजुद्दीन पर 84 हजार रुपये बकाया थे। इसी के विवाद में ये हत्या हुई है। देर रात रजाउद्दीन को गिरफ्तार कर उससे हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया।