युवकों की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
सेल्फी का शौक दो छात्रों को निगल गया। 150 फीट ऊंची पानी की टंकी से गिरकर दोनों की मौत हो गई। हादसे को देखकर लोगों की सांसें थम सी गईं। उन्होंने बताया कि गिरते समय युवक मदद के लिए चिल्ला रहे थे। आनन फानन में लोग उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। सैनिक विहार डी पॉकेट में मेरठ विकास प्राधिकरण की करीब 150 फीट ऊंची पानी की टंकी है। लोगों के अनुसार शोसित (22) ईश्वर सिंह निवासी मामेपुर-किशोरपुर थाना हस्तिनापुर और ऋषभ शर्मा (23) पुत्र भारत भूषण निवासी भगवती कुंज (बिजली बंबा बाईपास), रविवार शाम चार बजे पानी की टंकी के पास पहुंचे थे। वह आसपास क्षेत्र में सेल्फी ले रहे थे। कुछ देर बाद वह अपनी एक्टिवा को खड़ी कर पानी की टंकी पर चढ़ गए। छात्र टंकी पर मोबाइल से सेल्फी लेने लगे। लोगों ने बताया कि वह गाने गा रहे थे और मस्ती कर रहे थे। अचानक एक छात्र का संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे गिरने लगा।
उसने दूसरे युवक का हाथ पकड़ा तो वह भी साथ नीचे गिर गया। दोनों छात्र चिल्लाते हुए नीचे गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सीओ दौराला पंकज कुमार, इंस्पेक्टर परतापुर दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि शोसित कलंजरी में अपने मामा के यहां रहकर सुभारती से बीएससी एनिमेशन की पढ़ाई कर रहा था। वहीं ऋषभ ने एनिमेशन का कोर्स कर लिया था। पुलिस ने टंकी के पास से एक्टिवा व मोबाइल कब्जे में ले लिए। सीओ ने बताया कि जिस मोबाइल फोन से दोनों छात्र सेल्फी ले रहे थे वह टूट गया है। परिजनों ने कोई भी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। रात में बिना पोस्टमार्टम के दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए।