मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित फार्म हाउस में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। मोदीनगर पुलिस का दावा है कि छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में गैंगरेप की घटना से इंकार किया है। उसका कहना है कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और उससे शादी करना चाहती है। पुलिस ने छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। सोमवार को उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
कोतवाली प्रभारी ध्रुव भूषण दूबे ने बताया कि एक मई को छात्रा के पिता ने थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक और उसके पिता के खिलाफ छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी के मुताबिक छात्रा ने रविवार को आईओ के समक्ष दिए बयान में मेरठ में गैंगरेप की घटना से इंकार कर दिया। छात्रा का कहना है कि वह मर्जी से युवक के साथ गई थी। इस दौरान वह मेरठ, दिल्ली और हरिद्वार में रही। छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ विवाह करेगी।
छात्रा की उम्र 18 साल से कम
छात्रा को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा
छात्रा का कहना है कि शनिवार रात वह कंकरखेड़ा मेरठ के एक फार्म हाउस में रुकी थी। जहां किसी बात पर प्रेमी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद युवक ने 100 नंबर पर फोन करके पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने छात्रा से पता पूछकर कर रविवार को मोदीनगर पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि थाने में पूछताछ के बाद छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए गाजियाबाद भेजा गया है। सोमवार को बयान के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। ज्ञात हो कि छात्रा का अपहरण कर तीन युवकों द्वारा कंकरखेड़ा स्थित एक फार्म हाउस में गैंगरेप करने की बात सामने आई थी। आरोप है कि पीड़िता ने मेरठ पुलिस के सामने गैंगरेप की बात स्वीकार की थी।
पुलिस के मुताबिक छात्रा की उम्र 18 वर्ष से चार-पांच माह कम है। यदि मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि होती है तो छात्रा के मना करने के बावजूद पुलिस को युवक के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस पर मामले को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है।