कैंट स्थित एक नामचीन पब्लिक स्कूल की छात्रा ने अपने टीचर पर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। टीचर से तंग आकर पीड़ित छात्रा ने स्कूल से अपना नाम भी कटवा लिया। परिजनों ने इस संबंध में डीएम और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर टीचर के खिलाफ शिकायत की है।
छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी 11वीं क्लास की छात्रा है। स्कूल में करीब 15 वर्षों से तैनात मुरादनगर निवासी कॉमर्स का टीचर पढ़ाई के दौरान छात्रा से गलत हरकतें करता है। इसका विरोध करने पर परीक्षा में कम नंबर देने की धमकी देता है। छात्रा के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस-प्रशासन से की।
जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि कॉमर्स टीचर इससे पहले भी कई लड़कियों का शारीरिक शोषण कर चुका है और उनकी बेटी का भी उसने शारीरिक शोषण करने का प्रयास किया। कॉमर्स टीचर की हरकतों के बारे में जब उनकी बेटी ने उन्हें बताया तो वह इस संबंध में डीएम और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की गई।
शिक्षक के खिलाफ हो कार्रवाई
परिजनों ने बताया कि स्कूल में इस तरह की हरकत होने के कारण ही उन्होंने अपनी बेटी का नाम स्कूल से कटवा लिया है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
टीचर बोला, आरोप बेबुनियाद
उधर, टीचर से जब इस संबंध में बात की गई तो उसने आरोपी को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया। टीचर का कहना है कि उसने कभी ऐसा कोई काम नहीं किया। न ही स्कूल में इस संबंध में कोई शिकायत ही की गई है।
स्कूल प्रबंधन का इंकार
उधर, स्कूल प्रबंधन से जब बात की गई तो बताया गया इस संबंध में उन्हें अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है और न ही बीते छह माह में किसी का भी नाम कटा है। हालांकि, प्रबंधन का कहना है कि अगर ऐसी कोई शिकायत आती है तो मामले की गंभीरता से जांचकर निश्चित ही कार्रवाई की जाएगी।