शोहदों के डर से एक छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। आरोपी युवक एक साल से छात्रा को फोटो दिखाकर परेशान कर रहे थे। दो दिन पहले भी युवकों ने सरेआम छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर मारपीट कर कपड़े भी फाड़ दिए थे। एसएसपी के निर्देश पर मेडिकल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला मेडिकल थाना क्षेत्र के एक कॉलोनी का है। 15 वर्षीय छात्रा एक स्कूल से दसवीं की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे कक्षा में भी परेशान करते थे। जब स्कूल से घर जाती तो रास्ते में भी छेड़छाड़ करते थे। कई बार छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी युवक धमकी देते। आरोपी युवकों ने छात्रा का फोटो खींचकर उसे एडिट कर लिया और छात्रा को धमकी देने लगे। आरोप है कि युवक बदनाम करने के लिए नेट पर डालने की बात भी कहते थे। आरोपियों से परेशान होकर छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। जब परिजनों ने पूछा तो छात्रा ने आपबीती सुनाई। छात्रा की मां ने आरोपी युवकों के घर पहुंचकर विरोध जताते हुए कहा कि नाबालिग लड़की को परेशान किया जा रहा है। जिसके बाद दोनों युवकों ने छात्रा की मां को भी धमकी दी।
दो दिन पहले युवकों ने छात्रा ने घर के बाहर सरेआम छेड़छाड़ कर दी, विरोध करने पर धमकी देते हुए कहा कि बदनाम कर देंगे। छात्रा से आरोपी युवकों ने गाली गलौज भी की। छात्रा की मां ने पूरे प्रकरण की जानकारी एसएसपी नितिन तिवारी को दी। एसएसपी के निर्देश पर मेडिकल पुलिस ने बृहस्पतिवार रात को छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ मेडिकल कैलाश चंद ने बताया कि आरोपी अंसारी और आलम निवासी औरंगशाहपुर डिग्गी को गिरफ्तार कर लिया।
अपनी बहन को समझा लेना, शादी करनी पड़ेगी
छात्रा की मां ने पुलिस से कहा कि आरोपी बेटी को परेशान कर बहकावे में लेते रहे। कभी कहते कि हमने वीडियो क्लीपिंग बना ली है और नेट पर डाल देंगे। कभी अश्लील फोटो दिखाकर परेशान करते। एक सप्ताह पहले छात्रा की बहन को रास्ते में रोकर अंसारी ने धमकी दी थी अपनी बहन को समझा लेना, शादी करनी पड़ेगी। नहीं तो अंजाम ठीक नहीं होगा। लगातार एक आरोपी छात्रा पर शादी करने का दबाव डालता।
टक्कर मारकर साइकिल से गिरा देते
शोहदों के हौसले इतने बुलंद थे कि कई बार छात्रा को आरोपियों ने साइकिल से भी गिरा दिया। आरोपी छात्रा को अगवा करने की धमकी तक दे चुके हैं।