यूपी के सहारनपुर जनपद में रविवार को कुछ ग्रामीणों ने प्राइवेट अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने हॉस्पिटल के कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। हालांकि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी ली।
ये है पूरा मामला
बताया गया कि नंगली गांव के रहने वाले संजीव की पत्नी का देवबंद के अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार को वह अस्पताल के बाहर अपनी कार के पास खड़े थे कि इसी दौरान गन्ने से लदी टैक्टर- ट्रॉली ने कार में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि टैक्टर- ट्रॉली संचालक ने गांव से कुछ ग्रामीणों को बुलाकर युवक के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं बल्कि बीच- बचाव कराने आए हॉस्पिटल कर्मचारियों के साथ भी उन्होंने मारपीट की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की।