खिर्वा रोड स्थित न्यू कॉलोनी में हथियारबंद बदमाशों ने दूध व्यापारी के घर लाखों रुपये की डकैती को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने व्यापारी और उसके परिजनों को जमकर पीटा। बंधक बनाकर नकदी और जेवरात के अलावा दो भैंस लूटकर ले गए।
वारदात शनिवार आधी रात करीब एक बजे हुई। न्यू कॉलोनी निवासी विक्रम सिंह पुत्र रनवीर सिंह की घर में ही दूध की डेरी है। विक्रम ने पुलिस को बताया कि हथियारबंद करीब आठ बदमाश बीती रात घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए।
इससे पहले कोई समझ पाता, बदमाशों ने सभी के साथ मारपीट करते हुए उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने सभी के हाथ-पांव बांधकर कमरे में बंद कर दिया। शोर मचाने पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों ने घर में रखे 50 हजार रुपये, सोने के कुंडल, सैंपल, झुमकी, चुटकी, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, सोने की चूड़ियां व अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा एसके राणा मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बदमाशों की धरपकड़ के लिए घंटों तक जंगल में कांबिंग कराई गई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इंस्पेक्टर के अनुसार केस दर्ज कर लिया गया है।
बदमाशों की तलाश की जा रही है। मिनी ट्रक लेकर आए थे बदमाश विक्रम के अनुसार बदमाश अपने साथ मिनी ट्रक भी लेकर आए थे। जिसमें वे डेरी की दो भैंस सहित अन्य सामान लादकर ले गए। जाते समय बदमाशों ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा।