तिहरे हत्याक ांड में पूरी तरह से पुलिस का फोकस रिया पर है। रिया का प्रेमी पुष्पेंद्र पुलिस हिरासत में है। वह बार-बार बयान बदल रहा है। रिया के अन्य दो दोस्तों की तलाश में भी जुटी है। 36 घंटे बाद भी रिया की एक्टिवा और मोबाइल पुलिस बरामद नहीं कर पाई है।
सीओ सिविल लाइन बीएस वीर कुमार का कहना है कि शनिवार रात को पुष्पेंद्र ने चंद्रशेखर गुप्ता और उसके परिजनों को पहचानने से इंकार कर दिया था, लेकिन रविवार को उसने पूनम गुप्ता और उसके पति चंद्रशेखर गुप्ता को जानने की बात स्वीकारी। पुष्पेंद्र ने बताया कि रिया के दो दोस्त और भी हैं। जिनसे फोन पर बात होती थी, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। बदलतेे बयान भी पुष्पेंद्र को शक के दायरे में खड़ा कर रहे हैं। उसने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह प्रवेश विहार में रिया के मकान पर था। रिया ने अपने प्रेमी से कहा कि वह एक्टिवा से ब्यूटी पार्लर जा रही है। उसके बाद रिया का फोन स्विच ऑफ आ गया।
इन सवालों में उलझती पुलिस की पड़ताल
- कत्ल की वजह प्रापर्टी या संबंध ?
- तीन लोगों का कत्ल अचानक आवेश में किया या सुनियोजित था।
- आखिर घर का दरवाजा खुला क्यों रह गया?
- घर के बाहर से गुजरने वाले लोगों को घटना का पता क्यों नहीं चला?
- चंद्रशेखर घर में पहले से थे या अचानक आये?
- रिया यदि एक्टिवा से चंद्रशेखर के घर आयी तो एक्टिवा कहां गई?
पुलिस की थ्योरी से परिजन खफा
ट्रिपल मर्डर की जो थ्योरी पुलिस बयान कर रही है, उससे मृतक चंद्रशेखर के परिजन खफा हैं। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान चंद्रशेखर गुप्ता की जेब से मिली आपत्तिजनक चीजों को पुलिस इश्यू बनाने में लगी है। परिजनों का कहना है कि पुलिस केवल इसी आधार पर मामले को अवैध संबंधों से जोड़कर चल रही है।
यह उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश है। ट्रिपल मर्डर के पीछे कातिलों का बड़ा मकसद भी हो सकता है। चंद्रशेखर गुप्ता के घर से दो टीवी और कुछ सामान गायब है। चंद्रशेखर की बेटी डॉ. प्रियंका ने अंदेशा जताया कि कातिलों ने घर में लूट भी की है। मकान से कितना सामान गया, इसकी जानकारी डॉ. प्रियंका को नहीं है। परिजनों का कहना है कि पुलिस इस बिंदु पर कोई काम नहीं कर रही है।
चंदशेखर और रिया की 48 कॉल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीमा कंपनी मैनेजर चंद्रशेखर और रिया फोन पर अक्सर बात करते थे। दोनों की फोन पर तीन महीने में 48 बार बात हुई है। जबकि पूनम और रिया की 40 कॉल होना भी पुलिस ने बताया।