फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिंकू हत्याकांड में 11 गिरफ्तार

Fri, 05 Feb 2016 02:03 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
‘अमर उजाला’ ने जिस प्वाइंट पर हत्या के कारणों की तरफ इशारा किया था, उसी पर एसएसपी ने बृहस्पतिवार को मोहर लगा दी। चर्चित रिंकू हत्याकांड का एसएसपी ने खुलासा करते हुए 11 आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया। बकौल एसएसपी, वारदात वाली रात रिंकू और उसकी दोस्त राशि पर जानलेवा हमला हुआ था।
विज्ञापन


रिंकू राशि की आबरू बचाने की जद्दोजहद में जुटा था तो उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस केस से जुड़ी दूसरी अहम बात यह है कि हत्या के आरोप में जो रिपोर्ट थाना मेडिकल पर दर्ज कराई गई थी। उसमें आरोपियों की नामजदगी फर्जी पाई गई है। पुलिस ने इन नामजद आरोपियों को क्लीन चिट देने के साथ ही उन्हें जेल से रिहा कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

एसएसपी दिनेश चंद दूबे ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गांव इकड़ी, सरधना निवासी बैंक कैशियर रिंकू कुमार की विगत 12 दिसंबर 2015 की रात मेडिकल थाना क्षेत्र में लोहिया नगर रिंग रोड पर हत्या कर दी गई थी। रिंकू के पिता जयपाल ने हत्या के आरोप में राशि त्यागी, उसके पिता ब्रजमोहन, मामा कुलदीप त्यागी और भाई निशांत निवासी गांव इकड़ी समेत साल लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
विज्ञापन


रिंकू और राशि में दोस्ती थी। अकेली राशि ही रिंकू की हत्या की एकमात्र चश्मदीद गवाह थी। पुलिस इस केस में राशि, ब्रजमोहन और कुलदीप को जेल भेज चुकी है। एसएसपी के अनुसार इस हत्याकांड में फर्जी नामजदगी हुई थी। पुलिस की जांच पड़ताल में 11 ऐसे युवकों के नाम सामने आए है, जिन्होंने रिंकू की हत्या की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि राशि की आबरू और जान बचाने के चक्कर में रिंकू मारा गया था।

तीन गुट बनाकर किया था हमला
प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी ने आरोपियों से कहा कि मौका-ए-वारदात पर जो कुछ हुआ था,  उसे वे मीडिया को खुद बताएं। जिस पर आरोपियों ने बताया कि तीन ग्रुप बनाकर उन्होंने रिंकू और राशि पर हमला किया था। चार- चार युवक ग्रुप में शामिल थे। हर गुट 20-20 कदम की दूरी पर घात लगाए हुआ था। घटनास्थल के पास जब रिंकू और राशि आपस में बातचीत करने के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे तो तभी एक ग्रुप ने उन पर हमला बोला था। जिसमें रिंकू  बाल-बाल बचा था। थोड़ी दूरी चलने पर दूसरे ग्रुप ने दोनों पर पीछे से पथराव किया, जिसके चलते उनकी बाइक स्लिप हो गई थी। तभी तीसरे ग्रुप के दो युवक राशि को खींचकर कच्चे रास्ते पर ले गए थे। इस दौरान अन्य दो युवकों ने रिंकू को घेर लिया था।

अरुण ने सरिया और नितिन ने पत्थर मारा
एसएसपी ने बताया कि आरोपी नितिन ने रिंकू पर पीछे से पत्थर मारा था, जिस पर उसकी बाइक स्लिप हुई थी। जब दो युवक राशि को बुरी नीयत से खींचकर कच्चे रास्ते पर ले जा रहे थे तो रिंकू उनसे भिड़ गया था। इस दौरान अरुण ने सरिये से रिंकू के सिर पर प्रहार किया, जिसमें रिंकू की मौत हुई। इसी दौरान अचानक उस रास्ते से एक गाड़ी गुजरी थी। जिस पर हत्यारोपी दोनों को छोड़कर वहां से फरार हो गए थे।

खुलासे पर उठाया सवाल
रिंकू के पिता जयपाल का कहना है पुलिस ने नामजद आरोपियों के परिजनों से साठगांठ करके गलत खुलासा किया है। अगर 11 अन्य युवकों ने रिंकू और राशि पर हमला किया था तो राशि को मामूली चोट भी क्यों नहीं आयी। राशि ने रिंकू को बुलाया और उसकी हत्या कर दी। इस खुलासे में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लाजिमी हैं। वहीं, यह चर्चित केस वर्कआउट करने पर आईजी जोन सुजीत पांडेय ने मेरठ पुलिस को 12 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
विज्ञापन


ये आरोपी हुए गिरफ्तार
1. अक्षय सैनी उर्फ पारुल पुत्र ताराचंद सैनी
2. अरुण उर्फ साइड गंजा पुत्र चंद्रसेन
3. नितिन पोल पुत्र मुकेश पोल
4. राहुल कुमार पुत्र सतपाल कुमार
5. नीटू पुत्र शेर सिंह
6. राजन पुत्र जयपाल
7. रिंकू उर्फ संजय पुत्र माया प्रकाश
8. अंकित उर्फ लाला निवासी दिलेर सिंह
9. विजय पुत्र धर्मपाल
10. सुरेंद्र उर्फ रफी पुत्र मोहनलाल
11. राजू पुत्र जगदीश  
(एसएसपी के अनुसार सभी आरोपी गांव सरायकाजी, मेडिकल के निवासी हैं। एक ही परिवार से जुड़े हैं और सभी की उम्र 18 से 23 साल के बीच है)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें