प्रॉपर्टी डीलर और रिसोर्ट मालिक से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में कंकरखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन सुराग नहीं लगा।
रोहटा रोड स्थित वर्धमान कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर अमित सिंघल ने दो दिन पहले कंकरखेड़ा में केस दर्ज कराया था। आरोप था कि कुख्यात मोनू जाट के साथी भरतू नाई के नाम से उनसे दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को दो आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि उसके मोबाइल से किसी तीसरे ने फोन किया था। पुलिस दोनों आरोपियों की निशानदेही पर बागपत, मुजफ्फरनगर में दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया अभी मुख्य आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि रंगदारी मांगने वाले भरतू नाई गैंग के आदमी नहीं हैं। इस मामले में सरधना और कंकरखेड़ा पुलिस जांच करने में जुटी है। सीओ दौराला अरविंद कुमार ने बताया कि जल्द वारदात का खुलासा होगा।