फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हेयर सैलून में घुसकर पार्षद की गोलियों से भूनकर हत्या, साथी गंभीर 

Mon, 10 Jul 2017 09:13 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
पार्षद की हत्या के बाद मौके पर पहुंचीं एसएसपी जानकारी लेते हुए। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
कोतवाली थाना क्षेत्र के बनीसराय में तीन बाइकों पर सवार आधा दर्जन हमलावरों ने सरेशाम बीच बाजार हेयर सैलून में घुसकर गोलिया बरसाकर नगर निगम पार्षद की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। पार्षद सपा कार्यकर्ता भी था। फायरिंग में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली थाने से महज 100 मीटर दूरी पर हुई। हत्या से माहौल गर्मा गया। गुस्साई भीड़ ने हंगामा किया। एसएसपी समेत कई थानों की फोर्स  और आरएएफ मौके पर पहुंची। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मानी जा रही है। 
विज्ञापन


कोतवाली थाना क्षेत्र इस्माईलनगर निवासी नगर निगम पार्षद आरिफ पुत्र मन्नू पहलवान, (40) अपने साथी शादाब उर्फ भूरा (32) के साथ शाम करीब सात बजे बनीसराय मार्केट में शेविंग कराने हेयर सैलून पर गया था। करीब सवा सात बजे आरिफ कुर्सी पर बैठा शेविंग करा रहा था, पास ही भूरा बैठा हुआ था। तभी तीन बाइकों पर सवार पांच छह हमलावर आए । सभी के हाथ में पिस्टल और तमंचे थे। तीन चार बदमाश हेयर सैलून के बाहर कवर करके खड़े हो गए,  जबकि दो ने अंदर घुसकर शेविंग करा रहे आरिफ और भूरा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। उसकी कनपटी पर भी गोली मारी गई। भूरा के भी सिर के पास गोली लगी।  हेयर सैलून पर मौजूद लोग जान बचाकर भागे तो गोलियों की आवाज सुनकर भगदड़ मच गई। आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। घायल भूरा को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। 

लोगों का आरोप था कि सूचना के बाद भी पुलिस करीब आधा घंटा बाद मौके पर पहुंची। लोग खुद ही आरिफ को अपने वाहन से अस्पताल ले गए । घटना भी कोतवाली से महज 100 मीटर दूरी पर हुई थी इसलिए घटना से लोगों का गुस्सा फूट गया। घटना स्थल के बाहर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। जिससे बाजार में जाम लग गया। 
विज्ञापन


सूचना पर एसएसपी मंजिल सैनी ,एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एएसपी रणविजय सिंह, कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत किया। एसएसपी ने पीड़ित परिवार के यहां जाकर घटना की जानकारी ली। परिजनों ने मोहल्ले के ही फाइक और सारिक पक्ष पर उसकी हत्या का शक जताया। कहा कि इन लोगों से आरिफ की रंजिश चल रही है। उक्त लोगों ने काफी पहले आरिफ को धमकी दी थी। आरिफ पर पहले भी हमला हुआ था। फाइक के भाई सारिक का नाम बेकरी कांड में भी चर्चाओं में आया था।  परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार फाइक और सारिक शूटर हैं और साकेत में हुई किन्नर शमशाद की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। दोनों पक्ष प्रापर्टी की खरोद फरोख्त का भी काम करते हैं। आरिफ का भतीजा सलमान भी हिस्ट्रीशीटर है। वह भी जेल में है। एसएसपी ने एक घंटे थाने में कैंप कर दिशा निर्देश दिए। 

कोट 
घटना के पीछे पुरानी रंजिश मानी जा रही है। आरिफ के ही मोहल्ले के फाइक और सारिक पक्ष के लोगों का नाम बताया जा रहा है। दोनों पक्षों में काफी समय से तनातनी बनी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।  क्राइम ब्रांच सहित चार टीमों को इसमें लगा दिया है।
विज्ञापन

एसपी सिटी मान सिंह चौहान
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें