स्कूल से घर लौट रहे साइकिल सवार किशोर छात्र को मवाना रोड पर बिजनौर डिपो की रोडवेज बस ने कुचल दिया। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के आने से पहले ही शव मोर्चरी भिजवा दिया, जिसको लेकर परिजनों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया। तहरीर पर इंचौली पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इंचौली थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव निवासी नैन सिंह का मंझला पुत्र विनय (14) एसएसडी कॉलेज लालकुर्ती में नवीं कक्षा का छात्र था। शुक्रवार दोपहर साइकिल से घर लौटते समय जब वह मवाना रोड गंगानगर स्थित पीएनटी कॉलोनी के सामने पहुंचा तो पीछे से आई रोडवेज बस ने साइकिल में टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरे विनय के सिर को बस का पहिया कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। आसपास के दुकानदारों ने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी जिस पर पहुंची गंगानगर चौकी पुलिस ने छात्र के शव को तुरंत मोर्चरी भिजवा दिया। जबकि रोडवेज बस को छोटा मवाना पुलिस चौकी पर पकड़ लिया गया।
घटना की जानकारी पाकर छात्र की मां ममतेश सबसे पहले मौके पर पहुंची और मौत की खबर पाकर बेहोश हो गई। बाद में छात्र के परिजन सहित रजपुरा के सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। शव को परिजनों के आने से पहले उठाने पर परिजनों और ग्रामीणों इंस्पेक्टर इंचौली से नोकझोंक हो गई। बाद में पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत किया।