हत्या मामले में छठा आरोपी भी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव भैंसवाल निवासी तीन युवकों के हत्याकांड में शामिल छठे हत्यारोपी गौरव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्यारोपी गौरव तीनों युवकों के शवों को स्कार्पियो में रखकर गंगनहर में धकेलने में मास्टर माइंड हत्यारोपी नवीन मलिक के साथ था। पुलिस ने उस कार को भी बरामद कर लिया है, जिस कार से स्कार्पियो को गंगनहर में धकेला गया था। मुजफ्फरनगर पुलिस तिहरे हत्याकांड में शामिल पांच हत्यारोपियों को पूर्व में ही जेल भेज चुकी है।
इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा ने बताया कि 17 अप्रैल को खतौली गंगनहर में पड़ी मिली स्कार्पियों से तीन युवकों के शव मिले थे, जिनकी पहचान हरियाणा के जिला सोनीपत के थाना गोहाना सदर के गांव भैंसवाल कलां निवासी प्रदीप पुत्र कृष्ण, रवि और अक्षय के रूप में हुई थी। तीनों युवकों की योजनाबद्ध तरीके से हत्या करके हादसे का रूप दिया गया था। पुलिस 22 अप्रैल को तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। इस मामले में नवीन ने अपनी कार से स्कार्पियो को धकेलकर गंगनहर में गिरा दिया था। इस दौरान उसके साथ गांव गोयला निवासी गौरव पुत्र राजू गोस्वामी भी था। पुलिस ने शनिवार को हत्यारोपी गौरव को गोयला गांव के पास से पकड़ लिया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने गंगनहर में स्कार्पियो को जिस कार से धकेला गया था, उसको भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने पूर्व में हत्यारोपी हामिद उर्फ गाली, नवीन मलिक, गोयला निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू, सोनीपत के गांव भैंसवाल निवासी जितेंद्र उर्फ सीटू और सतपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस बाकी हत्यारोपी को तलाश करने में जुटी है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/