एक माह से कर रहा था परेशान
बच्ची रोजाना जीरो माइल से प्राइवेट बस से जाती थी। करीब एक माह से कंडक्टर अनुज बच्ची पर गलत नीयत रखता था। यह बात बच्ची ने अपने परिजनों को बताई थी। जिस पर उसके ताऊ ने कहा था कि बेटा घबराना नहीं, कोई बात हो तो मुझको कॉल कर देना। बच्ची ने बुधवार को ऐसा ही किया। आरोपी कंडक्टर ने बच्ची से गलत हरकत की तो उसने एक व्यक्ति से फोन लेकर अपने ताऊ को जानकारी दी।
थाने में भटकते रहे परिजन
इस वारदात के बाद पुलिस का रवैया बेहद शर्मनाक रहा। कार्रवाई कराने के लिए शाम छह बजे तक स्कूल ड्रेस में बच्ची को लेकर उनके परिजन लालकुर्ती और सदर बाजार थाने में भटकते रहे। शाम तक बच्ची दहशत में रही और वह रोती रही। पब्लिक आरोपी कंडक्टर को पीटकर लालकुर्ती पुलिस को सौंप चुकी थी। लेकिन लालकुर्ती और सदर पुलिस के सीमा विवाद में साढे़ तीन घंटे तक बच्ची के परिजन परेशान रहे और पुलिस का दिल नहीं पसीजा। परिजन लालकुर्ती थाने पहुंचते तो उन्हें घटनास्थल सदर बाजार का बताकर वहां भेज दिया जाता तो सदर थाने से भी लालकुर्ती थाने का मामला बताकर लौटा दिया जाता रहा। रात को यह मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो उसके बाद सदर पुलिस ने आरोपी अनुज चौधरी निवासी लिसाढ़ जिला शामली के खिलाफ केस दर्ज किया।
इस शहर में शोहदों की दहशत
बाजार हो या भीड़भाड़ वाला इलाका, शोहदों की दहशत बनी है। लेकिन एंटी रोमियो स्क्वायड गायब है। पुलिस अधिकारी दावे करते हैं कि बेटियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता पर है। लेकिन इस शहर में हाल यह हो चुका है कि बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। छेड़खानी की घटनाओं को लेकर पहले भी कई बार माहौल खराब हो चुका है, इसके बावजूद पुलिस का रवैया बदलने का नाम नहीं ले रहा।
कहां गए मनचलों को पकड़ने वाले
प्रदेश में योगी सरकार बनते ही छेड़छाड़ पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंटी रोमियो स्क्वायड गठित किया था। लेकिन इसका असर शुरुआत में ही दिखा और फिर खुद पुलिस ने इस मुख्यमंत्री के अभियान को पलीता लगा दिया। अब हालत यह है कि फिर से शोहदे सड़कों पर बेखौफ होकर बेटियों से छेड़खानी करने लगे है। बस में सोफिया की बच्ची से छेड़छाड़ की घटना पर भी पुलिस की नींद नहीं टूटी।
नजरअंदाज करने की आदत पड़ी
हापुड़ रोड स्थित जीजीआईसी के सामने छेड़छाड़ के दौरान एक छात्रा की गर्दन में चोट लग गई थी। वहीं, लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक मनचले ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर कक्षा पांच की छात्रा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए थे। इससे पहले दो छात्राओं ने मनचलों से तंग आकर आत्मदाह तक कर लिया था तो कई छात्राएं पढ़ाई छोड़ चुकी हैं।
ये बोले पुलिस अधिकारी
जीरो माइल चौराहे पर सड़क की दूसरी साइड सदर बाजार थाने की सीमा है। जहां का घटनास्थल है। आरोपी को पकड़कर लोग थाने ले आए थे। इसकी सूचना सदर पुलिस को दे दी। आरोपी और पीड़ित परिवार को सदर थाने भेज दिया था।
- देवेश कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर लालकुर्ती
आरोपी को लालकुती थाने में लोगों ने सौंपा था। आरोपी के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया है। सीमा विवाद की कोई बात नहीं है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
- सुभाष अत्री, इंस्पेक्टर सदर बाजार
आरोपी कंडक्टर गिरफ्तार कर लिया है। ड्राइवर से भी पूछताछ होगी। इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई तो जरूर कार्रवाई होगी।
- रणविजय सिंह, एसपी सिटी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/