पुलिसफोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसएसपी नितिन तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
अनुसूचित जाति की किशोरी से गैंगरेप के मामले को लेकर पीड़ित और आरोपी पक्ष में शुक्रवार को कचहरी में जमकर मारपीट हुई। इसमें पांच लोग घायल हो गए। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एसएसपी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र की रहने वाली अनुसूचित जाति की एक किशोरी को दूसरे समुदाय का आदिल अगवा करके ले गया था। इसे पुलिस ने बरामद कराया था। किशोरी ने लिसाड़ी गेट थाने में आदिल व दो अन्य लोगों पर अगवा करने और गैंगरेप की धाराओं में केस दर्ज कराया था। शुक्रवार दोपहर आरोपी पक्ष के लोग खुद को बेकसूर बताने के लिए एसएसपी ऑफिस पर गए थे। इसकी जानकारी लगते ही किशोरी की मां समेत पांच लोग भी पहुंच गए। किशोरी के परिजनों को देखते ही आरोपी पक्ष बार एसोसिएशन की बिल्डिंग में एक अधिवक्ता के चेंबर में पहुंच गए। इनके पीछे किशोरी पक्ष भी पहुंच गया। यहां पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें तीन महिला और दो लोग घायल हो गए। सांप्रदायिक माहौल की सूचना पर एसएसपी नितिन तिवारी तुरंत फोर्स लेकर पहुंच गए। एसएसपी ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। आरोपी पक्ष की एक महिला की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं एसएसपी ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
यह है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार लड़की पक्ष के परिजनों ने कुछ दिनों पहले एक दूसरे समुदाय के युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों समुदाय के लोगों में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। वहीं शुक्रवार को आरोपी युवक लड़की को लेकर कचहरी पहुंच गया। इस बीच लड़की के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पहले दोनों समुदाय के लोगों में कहासुनी और फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। हालांकि एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाल लिया।
एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया ने कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही गैंगरेप का मुकदमा दर्ज है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/