उत्तराखंड के हरिद्वार से कार लूटकर भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने मटौर गांव के पास रोकने की कोशिश की। बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए कार लेकर मुजफ्फरनगर की तरफ भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया। खुद को घिरा देख बदमाश वलीदपुर के जंगल में कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कई घंटे तक कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
हरिद्वार निवासी मुकेश मनोचा की हरिद्वार में ट्रांसपोर्ट है। शनिवार शाम चालक रोहताश से चंडी चौक पर खड़े तीन बदमाशों ने कार और नकदी लूट ली। चालक को बंधक बनाकर कार से फेंक दिया था। चालक ने बंधनमुक्त होकर सूचना कार मालिक को दी। जीपीएस के आधार पर कार मालिक ने बदमाशों का पीछा शुरूकर दिया।
कार ने जब खतौली पार किया तो मेरठ पुलिस को सूचना दी। दौराला पुलिस ने मटौर गांव के पास हाईवे पर ट्रक अड़ाकर कार रोकने का प्रयास किया। कार हाईवे पर ट्रक से जा टकराई। बदमाशों ने कार को वापस सकौती की ओर मोड़ लिया। बदमाश रॉग साइड में ही कार को लेकर पुलिस पर फायरिंग करते हुए मुजफ्फरनगर की तरफ भाग निकले। कई वाहनों से बदमाशों की कार टकराने से बची। पुलिस के पीछा करने पर बदमाश कार को वलीदपुर के जंगल में लेकर घुस गए।
लेकिन रास्ते की जानकारी नहीं होने पर कार बंद रास्ते पर चली गई। इसी दौरान पुलिस भी पीछे से पहुंच गई। घिरने पर बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिग की, लेकिन कोई सुराग नही लगा। इंस्पेक्टर दौराला का कहना है कि बदमाश कार छोड़कर फरार हो गए। कार उसके मालिक के सुपुर्द कर दी गई है।