लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के लखीपुरा में शनिवार को जुआ खेलने का विरोध करने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। बाद में पथराव किया और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित पक्ष के लोगों ने एसएसपी ऑफिस पर हंगामा करते हुए थाना पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
लखीपुरा निवासी लईक की पत्नी नाजमा ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि पड़ोस के रहने वाले इंतजार, शोएब, शाहरुख, सिराज और कई अन्य युवक उसके घर के बाहर जुआ खेल रहे थे। जब उसने विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसके घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ करते हुए अभद्रता की।
घर में घुसकर मारपीट करने के बाद आरोपी युवक भाग निकले। उसके बाद फिर से आरोपी पक्ष के लोगों ने हमला बोलते हुए पथराव किया हवाई फायरिंग कर दी। पीड़ित लोगों का आरोप है कि पथराव और फायरिंग की सूचना कंट्रोल रूम पर दी, लेकिन लिसाड़ीगेट पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। थाने में पीड़ित लोग गये तो पुलिस ने फटकारते हुए भगा दिया। बाद में पीड़ित पक्ष के लोग एसएसपी आफिस पहुंचे। शिकायत सुन रहे सीओ अब्दुल कादिर ने एसओ लिसाड़ीगेट को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।