क्षेत्र के छुछाई गांव में नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों ओर से फायरिंग हुई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात की गई है।
छुछाई निवासी जवाब सिंह ने बताया कि उसके घर के पास खड़ंजा और नाली बनाने का काम चल रहा है। मंगलवार को गांव के ही जगमाल और उसके पुत्र शत्रुघ्न, चुनिया उर्फ विनोद और मनोज ने निर्माण कर रहे लोगों के साथ अभद्रता की। उसने विरोध तो आरोपी मौके से चले गए, लेकिन शाम करीब सात बजे तमंचे और धारदार हथियार लेकर उसके घर पर हमला बोल दिया।
आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी, विरोध करने पर फायरिंग की। रोहित पुत्र कमर सिंह गोली लगने से घायल हो गया। सुरेश और सतपाल पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। सूचना पर गांव में पुलिस पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी फायरिंग करते रहे। सीओ ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को दौड़ाया और घायलों को अस्पताल पहुंचवाया। पीड़ित ने चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी करतार सिंह का कहना है कि मामले कि जांच की जा रही है।