नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में ऑन डिमांड कार लूटने वाले गिरोह का शनिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। गिरोह के पांच बदमाशों से नोएडा से लूटी हुई कार,चार तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। यह गिरोह 20 से अधिक कार लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
टीपीनगर थाने में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी ओमप्रकाश सिंह, सीओ ब्रह्मपुरी रफीक अहमद ने बताया कि शुक्रवार रात बागपत फ्लाईओवर के पास एसओ टीपीनगर प्रशांत कपिल चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि नोएडा से लूटी हुई लाल रंग की पोलो में छह बदमाश मेरठ बाईपास पर लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने बदमाशों की कार को घेरने की कोशिश की, तो एक बदमाश ने तमंचे से फायरिंग कर दी। एक सिपाही बाल-बाल बचा। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को दबोच लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गये बदमाश वीरेंद्र गोस्वामी पुत्र मामचंद हरिनगर थाना मॉडल टाउन पानीपत, प्रदीप पुत्र लख्मीचंद हरिनगर जिला पानीपत, राहुल पुत्र फरेहपाल निवासी तिलपता थाना सूरजपुर जिला गौतमबुद्घनगर, सन्नी पुत्र धर्मपाल निवासी मौहल्ला बूढ़ा बाबू कोतवाली शामली और धीरज पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी शिवकुंज थाना टीपीनगर हैं। नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में इन्होंने लूट की वारदातों को अंजाम दिया है।
कबाड़ी की डिमांड पर लूटते थे कार
एसओ टीपीनगर ने बताया कि गिरोह का सरगना शामली का सन्नी है। यह गिरोह कबाड़ी की डिमांड पर कार लूटते थे। कबाड़ी को जिस गाड़ी की जरूरत होती थी उसे ही यह निशाना बनाते थे। रास्ता पूछने के बहाने ये वारदात को अंजाम देते थे। रास्ता बताने के लिए जब ड्राइवर कार का शीशा उतारता था तो बदमाश उसे काबू कर लेते थे।
सोतीगंज से जुड़े हैं लुटेरों के तार
पुलिस का कहना है कि 24 दिसंबर की रात को बदमाशों ने नोएडा से जिस पोलो कार को लूटा है उसी में सवार होकर यह मेरठ में आए थे। कारों को जिन कबाड़ियों को बेचते थे उनमें सोतीगंज के कबाड़ी भी शामिल हैं। टीपीनगर के शिवकुंज का धीरज कबाड़ियों के संपर्क में था।