भरे बाजार शनिवार दोपहर मनचलों ने दुस्साहसिक वारदात कर दी। पहले छात्रा से छेड़छाड़ की, विरोध करने पर उसे अगवा करने का प्रयास किया। छात्रा की चीख निकली तो मनचलों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। लोगों की भीड़ लगने पर आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। वारदात की जानकारी पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामला कंकरखेड़ा स्थित अंबेडकर गेट के पास का है।
दोपहर दो बजे पास की ही एक कॉलोनी निवासी दसवीं की छात्रा ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। अंबेडकर गेट के पास पल्सर सवार तीन मनचलों ने छात्रा को रोका और उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। आपत्ति करने पर मनचलों ने छात्रा का हाथ पकड़ा और जबरन उसको बाइक पर बैठा लिया। बाजार भरा था और लोग तमाशबीन बनकर देख रहे थे।
छात्रा ने शोर मचाया तो मनचलों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। सरेआम मनचलों का दुस्साहस देखकर लोगों की भीड़ लगी। इससे पहले लोग मनचलों की घेराबंदी करते वे हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। जानकारी पर कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन सुराग नहीं लगा।
हमें पुलिस नहीं पकड़ सकती
पुलिस के मुताबिक छात्रा ने बताया मनचले बार बार कह रहे थे कि पुलिस उनको नहीं पकड़ सकती। उनकी थाना पुलिस से अच्छी जान पहचान है। पुलिस उन पर हाथ डालने से पहले दस बार सोचती है। इतना सुनते ही छात्रा घबरा गई।
छात्रा के पिता को भी धमकी
छात्रा के पिता ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आरोप है कि तहरीर देने के बाद आरोपियों ने छात्रा के पिता को फोन कर धमकी दी है। उसने धमकी दी कि अगर केस दर्ज हो गया तो तुम्हारी बेटी को अगवा कर लेंगे।
शराब के ठेके पर भी की फायरिंग
लोगों ने बताया कि छात्रा से वारदात के बाद आरोपियों ने सरधना रोड स्थित शराब के ठेके पर पहुंचकर शराब पी। इसके बाद उनका ठेके वाले से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। आरोपियों ने सरेआम फायरिंग की और ठेका संचालक को गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए।