मेरठ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों में कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। एक छात्र का सिर फोड़ दिया गया। उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। उसके सिर में टांके आए हैं। इस मामले में मेडिकल थाने में एमबीबीएस के एक छात्र समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थानाध्यक्ष मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि इस मामले में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र आयुष को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने सोमवार देर रात अपने तीन साथियों गौरव, आकाश और कोष्टक के साथ मिलकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष के छात्र मोहित की पिटाई की। उसके सिर में चोट लगी है। उसका उपचार चल रहा है। तीनों आरोपी बाहरी हैं। मेडिकल कॉलेज के नहीं हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि इस मामले में छात्र उनसे आकर मिले थे। वह खुद भी छात्र को देखने इमरजेंसी गए थे। मामले की जांच कराई जा रही है। इस मामले में आरोपी छात्र के परिजन भी उनसे मिले थे, जिनका कहना है कि उनका बेटा वहां नहीं था। उसे फंसाया गया है। इस पर उन्होंने कहा कि यह पुलिस जांच में ही साफ हो पाएगा कि वह वहां था या नहीं। मेडिकल कालेज में इससे पहले भी कई बार वर्चस्व को लेकर मारपीट और हाकी-डंडे चल चुके हैं।