रात में मेरठ कॉलेज में जो भी हुआ, उससे कॉलेज की साख पर भी सवालिया निशान खड़े होने लाजिमी हैं। आखिर एक कॉलेज में रात में डांस का भी कार्यक्रम हुआ और उसमें फिल्मी गानों की धुनों पर डांस हुआ। कार्यक्रम यहीं तक नहीं थमा। लॉ विभाग में पार्टी भी ऐसी चली, जिसमें शराब और बियर की बोतलें अपने आप में पुलिस को गवाही देने के लिए काफी थीं। एक बार तो खुद एसओ लालकुर्ती मौके का हाल देखकर आश्चर्य में रह गए कि आखिर यह कॉलेज है या इसे बार बना दिया गया।
प्रतिष्ठित मेरठ कॉलेज के कानून विभाग में यदि कानून को ताक पर रख दिया जाए तो यह कॉलेज की गरिमा के साथ वहां के प्रशासन और प्रबंधन पर भी सवाल खड़े करने जैसा है। शाम होते ही कॉलेज के लॉ विभाग में ऊपरी मंजिल पर फिल्मी गाने बजने शुरू हुए तो महफिल सजनी शुरू हो गई। बाहर से शराब और बियर की बोतलें आखिर कॉलेज में कैसे पहुंचीं, इसका जवाब न तो कॉलेज प्रशासन के पास था और न ही पुलिस के पास।
सवाल यह भी है कि रात में लॉ विभाग में डांस का कार्यक्रम चलता रहा और कॉलेज प्रशासन व प्रबंधन सोता रहा। जब रात में छात्रों ने वहां पहुंचकर बवाल काटा तो कॉलेज में अफरातफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने के बाद सन्नाटा छा गया। इस मामले में जहां एसओ लालकुर्ती जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रहे हैं तो वहीं यह मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच चुका है। वैसे भी मेरठ कॉलेज जिले के कप्तान के आवास के सामने है तो फिर पुलिस के लिए पहुंचने में देरी कैसे हो गई। अफसरों ने लालकुर्ती एसओ से मामले की जानकारी मांगी है।
वायरल हो गई वीडियो
मेरठ कॉलेज में चले डांस की वीडियो रात में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जिसको लेकर खुद पुलिस असमंजस में थी कि आखिर किसकी इजाजत पर कार्यक्रम किया गया।
विवादों में रहा लॉ विभाग
मेरठ कॉलेज में लॉ विभाग में डांस के कार्यक्रम में बवाल कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले चौधरी चरण सिंह विवि कैं पस में बीते साल लॉ विभाग में तमंचे पर डिस्को चला था। जिसको लेकर काफी बवाल मचा। बाद में पुलिस ने फुटेज के आधार पर तमंचा लहराने वालों पर भी कार्रवाई की थी।