कुशावली निवासी किसान शनिवार रात खेतों में पानी देने गया था। रविवार को उसका शव झिटकरी गांव के रजवाहे के पुल के पास मिला। सूचना पर परिजन और पुलिसकर्मी भी पहुंचे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। वह शव को अपने साथ ले गए। अंतिम क्रियाकर्म से पूर्व शव को नहलाते समय गले में रस्सी का निशान बना देखकर परिजनों ने हत्या करने की आशंका जताई। परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कुशावली निवासी सतबीर (55 वर्षीय) पुत्र हरबंशा सिंह अविवाहित था। शनिवार की रात वह झिटकरी-कुशावली के जंगल में स्थित खेत पर रजवाहे की नाली का पानी देने गया था।
रविवार सुबह तक वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने सतबीर की तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। इसी बीच क्षेत्र में झिटकरी रजवाहे के पुल के पास अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। पूर्व ग्राम प्रधान अशोक सिरोही और कई
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर राजेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुशावली के ग्राम प्रधान सुनील कुमार, लोकेश चौहान और शिवकुमार आदि ने शव की पहचान सतबीर के रूप में की। मौके पर पहुंचे परिजनों ने सतबीर का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस बैरंग लौट गई। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अपने साथ ले गए।
अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से पहले शव को नहलाते समय परिजनों ने उसके गले में निशान बने देखे। इस पर परिजनों ने सतबीर कीगला घोंटकर हत्या करने की आशंका जताई। परिजन शव को श्मशान ले जाने के बजाय कोतवाली ले गए। पुलिस ने सतबीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सतबीर के भतीजे ने हत्या की तहरीर दी है।