मेरठ में मेडिकल थानाक्षेत्र के जागृति विहार में बच्चियों से दरिंदगी करने वाले हैवान विमल चंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी में आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। हैवानियत की शिकार हुई बच्चियों की तलाश में पुलिस जुटी है। उनका मेडिकल भी कराया जाएगा। पुलिस का कहना कि आरोपी के साथ रैकेट में शामिल लोगों को भी बेनकाब किया जाएगा। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक महिला भी हिरासत में ली, जिससे पूछताछ चल रही है।
जागृति विहार 162/6 में बीमा कंपनी का रिटायर्ड अधिकारी विमल चंद अकेला रहता था। विमल चंद मकान में मासूम बच्चियाें को बुलाकर उनके साथ दरिंदगी करता था। अमर उजाला ने प्रमाण के साथ बृहस्पतिवार के अंक में इसे प्रकाशित किया। जिस पर एसएसपी नितिन तिवारी ने तुरंत कार्रवाई कराई। इससे पहले आरोपी विमल चंद वहां से भागता कि बृहस्पतिवार सुबह ही क्राइम ब्रांच प्रभारी वरुण शर्मा ने टीम के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घर की तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामान मिला है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी विमल चंद ने पूछताछ में मासूम बच्चियों से दरिंदगी करना कबूल किया। पुलिस ने बच्चियों के नाम-पतों की जानकारी ली। आरोपी ने बताया कि बच्चियों को घर में काम करने वाली नौकरानी लेकर आती थी। उसके बाद पुलिस ने उक्त महिला को भी हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करने की बात कह रही है। पुलिस का दावा कि आरोपी के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर गायब मिली। हालांकि फुटेज के फोटो अमर उजाला ने पुलिस को उपलब्ध करा दिए।
घेराबंदी करके दबोचा हैवान
अमर उजाला ने इस हैवानियत की पोल खोली। जानकारी लगते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी विमल चंद के जागृति विहार स्थित घर को चारों तरफ से घेर लिया। पड़ोसी से घर के गेट पर लगी घंटी बजवाई। गेट विमल ने खोला, तभी क्राइम ब्रांच ने उसको दबोच लिया। विमल ने बदमाश होने का शोर मचाया। जिस पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लेकिन पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।
कौन-कौन हैवानियत में शामिल
इस घिनौनी हरकत में आरोपी विमल चंद के साथ कौन-कौन शामिल हैं, इसकी भी पुलिस जांच करने में जुटी है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस ने विमल के पास आने वाले लोगों की पहचान करनी शुरू कर दी है। पूछताछ में विमल ने दो लोगों के नाम बताए हैं। उक्त दोनों लोग इस दरिंदगी में शामिल हैं या नहीं, इस पर पुलिस की जांच चल रही है। एक महिला से पुलिस पूछताछ करने में लगी हुई है।
दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में केस
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना कि बच्चियां से दुष्कर्म करने वाले आरोपी विमल चंद पर पुलिस की ओर से दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस सुबूत ढूंढ रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को आधार बनाकर पुलिस ने केस की नींव तैयार की है। पीड़ित बच्चियों की भी पुलिस तलाश में जुट गई। जिनका मेडिकल कराना बेहद जरूरी है।
आरोपी गिरफ्तार कर लिया
आरोपी विमल चंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। इस रैकेट में आरोपी के साथ कौन-कौन है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फुटेज में दिखने वाली बच्चियों को ढूंढा जाएगा। उनका मेडिकल होगा। -नितिन तिवारी, एसएसपी