मेरठ में कंकरखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सीमेंट व्यापारी और उनके पार्टनर ने विदेशी नागरिक के साथ मारपीट कर दी। ईरानी नागरिक के बचाव में आई उनकी पत्नी को भी आरोपियों ने पीटा और डॉलर लूटने का प्रयास किया। विदेशी दंपती एक गरीब की मदद के लिए दुकान पर दस बोरी सीमेंट लेने पहुंचे थे। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। रात में पुलिस ने दंपती को दिल्ली तक छुड़वाया।
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा आनंद मिश्रा के अनुसार, ईरान के तेहरान निवासी अकबर खुशनवाज, पत्नी ताहिरा और दोस्त जैबाद के साथ शुक्रवार को दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार से उत्तराखंड घूमने जा रहे थे। दंपती के साथ कार में चार वर्षीय बच्चा भी था। दंपती एनएच-58 पर कंकरखेड़ा क्षेत्र में शिव ट्रेडर्स की दुकान पर रुके थे। उन्होंने दुकानदार अतुल त्यागी से दस बोरी सीमेंट खरीदने के लिए रेट पूछा। दुकानदार ने एक बोरी का रेट 350 रुपये बताया। विदेशी नागरिक अकबर ने कहा कि उनके पास डॉलर हैं। वह बैंक से चेंज कराकर पैसे देंगे। अकबर का आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने अपने परिचित पंकज कुमार को बुला लिया और बिना कुछ कहे मारपीट शुरू कर दी। पर्स से डॉलर लूटने का भी प्रयास किया। पत्नी ताहिरा ने बचाने का प्रयास किया तो दुकानदार ने उनके साथ भी मारपीट की।
अकबर ने बताया कि मारपीट में शर्ट के बटन टूट गए। पत्नी को भी चोट लगी। आरोपियों ने पत्नी का सोने का ब्रेसलेट छीनने का प्रयास किया। विदेशी महिला की अंगूठी भी गुम गई। वहीं दुकानदार का आरोप है कि उन्हें संदेह था कि विदेशी नागरिक ने दो माह पहले उसकी दुकान से 17 हजार रुपये चोरी किए थे। वो लोग इसी कार से आए थे। शोर सुनकर मौके पर आसपास के लोग पहुंचे और विदेशी नागरिकों को बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित अकबर खुशनवाज की तहरीर पर कंकरखेड़ा पुलिस ने दुकानदार अतुल त्यागी और पंकज कुमार निवासी ड्रीम सिटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीमेंट व्यापारी और उनके पार्टनर की गिरफ्तारी को लेकर थाने पर व्यापारियों ने हंगामा भी किया।
पुलिस ने दिल्ली तक छुड़वाया
मेडिकल के बाद पीड़ित विदेशी नागरिकों को पुलिस ने शाम को खाना खिलवाया। उसके बाद अकबर ने कहा कि वह वह दिल्ली में अपने दोस्त के यहां जाना चाहते हैं। इस पर एसपी सिटी डॉॅ. एएन सिंह के निर्देश पर कंकरखेड़ा थाने के एक एसआई, एक महिला कांस्टेबल को उनके साथ भेजा गया। रात में पुलिस ने पीड़ित नागरिकों को दिल्ली तक भिजवाया। इसके बाद विदेशी दंपती ने मेरठ पुलिस का धन्यवाद किया।