मंडी चमारान में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। कई घंटे हंगामे और पुलिस से नोकझोंक के बाद हाईटेंशन लाइन हटवाने का काम शुरू किया गया। साथ ही दोषी विद्युत कर्मियों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोगों ने जाम खोला। देर रात तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
मंडी चमारान नई बस्ती निवासी शाहिद (22) राज मिस्त्री है। शुक्रवार को वह पड़ोस में ही रहमत के यहां काम करने गया था। बस्ती के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। शाम करीब चार बजे छत पर काम करते समय शाहिद हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शाहिद का पिता रियासत देहात में साइकिल पर सब्जी बेचने गया हुआ था। वह घर पहुंचा, तो उसे बेटे की मौत का पता चला। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने सरधना-बिनौली मार्ग पर पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा। एसडीएम राकेश कुमार और एसडीओ विद्युत निगम मुकेश कुमार पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने विद्युत लाइन हटवाने, मुआवजा दिलाने, दोषी विद्युतकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अफसरों ने तत्काल बस्ती के ऊपर से लाइन हटवाने का कार्य शुरू कराया। पुलिस ने करीब साढे़ छह बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा का कहना था कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शाहिद छह बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।